Home » लेटेस्ट न्यूज » बिहार:रात में अचानक चीखने लगी 12 साल की बच्ची, खिड़की से किसी ने फेंका केमिकल जैसा पदार्थ; कटिहार में सनसनी

बिहार:रात में अचानक चीखने लगी 12 साल की बच्ची, खिड़की से किसी ने फेंका केमिकल जैसा पदार्थ; कटिहार में सनसनी

 

कटिहार में 12 साल की नाबालिग बच्ची पर एसिड अटैक की आशंका से हड़कंप मच गया। आरोप है कि घर में सो रही बच्ची पर खिड़की के रास्ते किसी अज्ञात व्यक्ति ने केमिकल जैसा पदार्थ फेंक दिया। इससे बच्ची के चेहरे और शरीर पर तेज जलन होने की बात सामने आई है। घटना सालमारी थाना क्षेत्र के हरलगा गांव की बताई जा रही है।

पीड़िता और उसके परिजनों के मुताबिक, रात में बच्ची अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान खिड़की से किसी ने उस पर केमिकल जैसा पदार्थ फेंक दिया। चेहरे पर तेज जलन होने के बाद बच्ची ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर एसिड अटैक की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी है। उन्होंने दोषी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

पढे़ं: अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीतीश कुमार ने नीरज को दिया टिकट, जदयू की सूची में किसका नाम?

घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची पर कौन सा पदार्थ फेंका गया और घटना के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल एसिड अटैक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची पर वास्तव में कौन सा पदार्थ फेंका गया था। घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है।

पुलिस जांच और अब तक की स्थिति

कटिहार पुलिस द्वारा इस मामले में निम्नलिखित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है:

    • पीड़िता अपने घर में बिस्तर पर सोई हुई थी, लेकिन घटनास्थल पर दीवार, खिड़की या मच्छरदानी पर किसी भी प्रकार के छींटे का निशान नहीं मिला है।

    • प्राथमिकी में पीड़िता या उसके परिजनों द्वारा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

    • घटना की गंभीरता को देखते हुए एफ०एस०एल० (FSL) टीम द्वारा घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया है।

    • पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

    • चिकित्सक से संपर्क करने पर प्रथम दृष्ट्या किसी केमिकल या ज्वलनशील तरल पदार्थ से घटना के घटित होने की संभावना जताई गई है।

    • एफ०एस०एल० टीम और चिकित्सीय जांच से सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

    • पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गहन अनुसंधान जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

News Portal Development Services in Uttar Pradesh